डबल इंजन ने सिर्फ समस्याएं ही डबल की

हरोली से कांग्रेस के प्रत्याशी मुकेश अग्निहोत्री ने डोर-टू-डोर मांगा जनता का सर्मथन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- ऊना
कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने जा रही है। शुक्रवार को डोर-टू-डोर अभियान के अंतर्गत जनता से 12 नवंबर को होने वाले विस चुनावों में कांग्रेस के पक्ष में अपने मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता आज उन्हें अपना कीमती वोट दें और बदले में कांग्रेस पार्टी के सत्ता में आने पर सुनहरा भविष्य पाए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल होकर रह गई है अपने शासनकाल में हर वर्ग के हितों के साथ खिलवाड़ किया गया है। इसलिए जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हर वर्ग की समस्याओं को गंभीरता से लिया है। इसके चलते पार्टी ने जनहितैषी घोषणापत्र जारी किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही इस घोषणापत्र को शपथपत्र के तौर पर लागू किया जाएगा। पुरानी पेंशन योजना बहाल होगी, युवाओं के लिए पांच लाख रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। कर्मचारियों की वेतन विसंगति को हल किया जाएगा। 300 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी, पशुपालकों से प्रतिदन 10 लीटर दूध खरीदा जाएगा। हर गांव में मोबाइल क्लीनिक से मुफ्त उपचार प्रदान किया जाएगा।

मुकेश अग्निहोत्री ने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के अंदर महंगाई डबल हुई, हिमाचल प्रदेश के अंदर पेट्रोल और डीजल के दाम डबल हुए, हिमाचल प्रदेश के अंदर भ्रष्टाचार डबल हुआ, हिमाचल प्रदेश के अंदर कोरोना संकट के दौरान भी भ्रष्टाचार हुआ, हिमाचल प्रदेश के अंदर हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर डबल फेल हुए, हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों की समस्या डबल हुई, हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों पर मुकदमे दर्ज हुए, पेंशनर्स का हक नहीं दिया गया, हिमाचल प्रदेश के अंदर करुणामूलक नोकरियां नहीं मिली, हिमाचल प्रदेश के अंदर आउट सोर्स प्रथा खत्म नहीं हुई ,हिमाचल प्रदेश के अंदर ठेकेदारी खत्म नहीं हुई, मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि डबल इंजन ने समस्याओं को डबल किया है, अब प्रदेश की जनता इस डबल इंजन को डबल धक्का देकर के पटरी से बाहर करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी दर सबसे अधिक है और बेरोजगार युवाओं की संख्या 15 लाख पहुंच रही है। रोजगार न मिलने से युवा परेशान है। कांग्रेस सरकार बनने पर सबसे पहले प्रदेश के 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही सरकारी नौकरी में ठेकेदारी प्रथा को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने खाने पीने की चीजों आटा, चावल, दूध और दही पर जीएसटी लगा दिया है। जिससे महंगाई और बढ़ गई है। गैस सिलेंडर के दाम 1150 रुपए से अधिक हो गया है तो सरसों का तेल 250 रुपए से अधिक है। भाजपा सरकार महंगाई रोकने में नाकाम रही है।