नड्डा कांगड़ा से करेंगे चुनावी शंखनाद; तीन को जोरावर स्टेडियम में जनसभा, कांगड़ा-चंबा से जुटेंगे 15 हजार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अपने गृह राज्य हिमाचल में लोकसभा चुनावों का शंखनाद कांगड़ा से करेंगे। इसके लिए तीन फरवरी को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में भाजपा ने कांगड़ा संसदीय क्षेत्र की एक बड़ी जनसभा करने की योजना बनाई है। श्री नड्डा की जनसभा से पहले मैदान व तैयारियों का जायजा लेने के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल व संगठन महामंत्री सिद्धार्थन सहित अन्य पदाधिकारियों ने सोमवार को जोरावर स्टेडियम का जायजा लिया। प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में लोकसभा चुनावों का शंखनाद करने के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा धर्मशाला आ रहे हैं। राम मंदिर प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद बने माहौल को देखते हुए भाजपा ने अब अगली तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में प्रदेश भाजपा ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रवास कांगड़ा के लिए लिया है।

हालंाकि इससे पहले श्री नड्डा शिमला, कुल्लू और बिलासपुर में अपने कार्यक्रम कर चुके हैं। इसी कड़ी में अब कांगड़ा व चंबा के पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए जेपी नड्डा का धर्मशाला में बड़ा कार्यक्रम करवाया जा रहा है। बीजेपी ने धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से करीब 15 हजार लोगों को पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए प्रत्येक मंडल से संख्या लाने के लिए टारगेट तय किए गए हैं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीब बिंदल और पार्टी के संगठन महामंत्री सिर्धाथन ने सभा स्थल का निरीक्षण करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ तैयारियों को लेकर भी चर्चा की।