भाजपा प्रत्याशी ने जनता की भावनाओं से किया खिलवाड़

कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा विक्कू बोले, लोग चुनाव में देंगे इसका माकूल जवाब

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बंगाणा
कांग्रेस टिकट पर चुनाव लडक़र विधायक बने भाजपा प्रत्याशी ने जनता की भावनाओं से खिलवाड़ किया है। जनता इन्हें माफ नहीं करेगी। यह बात कुटलैहड़ कांग्रेस के प्रत्याधी विवेक शर्मा विक्कू ने विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कहीं। विक्कू ने कहा कि जनता ने इन्हें सिर आंखों पर बिठाया, लेकिन इन्हें जनता का प्यार रास नहीं आया। इन्होंने अपना असली रंग दिखा ही दिया। आज ऐसे लोगों के चलते ही कुटलैहड़ को उपचुनाव देखने को मिल रहा है। विक्कू ने कहा कि जनता इन्हें सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है। जहां भी यह लोग वोट मांगने जा रहे है, जनता इन पर दल बदलने के कारणों को लेकर सवाल दाग रही है।

इनके पास जनता के सवालों के जबाव तक नहीं है। विक्कू ने कहा कि कुटलैहड़ की जनता ऐसे लोगों को माकूल जबाव देगी। विवेक शर्मा ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी बताएं, उन्होंने कुटलैहड़ के विकास के लिए विधानसभा में कब आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि कितने युवाओं को भाजपा प्रत्याशी ने रोजगार मुहैया करवाया। आपदा के दौरान कुटलैहड़ विस क्षेत्र के लिए जारी की गई 10 करोड़ की राशि को किसमें बांटा अपनी विधायक निधि से 14 माह के दौरान किन पंचायतों को कितनी राशि विकास कार्यो के लिए दी, भाजपा प्रत्याशी इसका ब्यौरा भी जनता को दें। मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर में एक समान विकास करवाया है। प्रदेश में भयंकर आपदा आई, लेकिन मुख्यमंत्री ने प्रदेश को बेहतर तरीके से संभाला।