Himachal Election:कांग्रेस नेता केपी राणा ने विवेक शर्मा के लिए जुटाया समर्थन

राणा बोले, एक-एक वोट कांग्रेस को देकर, सीएम व डिप्टी सीएम को करो मजबूत

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बंगाणा
पंजाब विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता केपी सिंह राणा ने बुधवार को कुटलैहड़ से कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा के पक्ष में आधा दर्जन से अधिक नुक्कड़ सभाएं कर चुनाव प्रचार किया। केपी सिंह राणा ने कहा कि जनता विवेक शर्मा के पक्ष में मतदान कर सुक्खू सरकार को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से पहली बार सीएम व डिप्टी सीएम बने है।

आपका एक-एक वोट सीएम व डिप्टी सीएम को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि जनता दल बदलकर भाजपा में शामिल होने वाले प्रत्याशी को करारा सबक सिखाएं। केपी सिंह राणा ने कहा कि भाजपा ने हमेशा धनबल के जोर पर सरकारें तोडऩे की कोशिश की है। प्रदेश में भी भाजपा ने कुछ ऐसा ही खेल खेला, लेकिन सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मजबूती से लड़ाई लडक़र सरकार को बचाया। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के लोगों को छह विधानसभा के उपचुनाव देखने पड़ रहे है। इसके पीछे भाजपा है। उपचुनाव से भारी आर्थिक हानि होगी।

जनता से धोखा करने वाले पहली जून को घर बैठेंगे
जनता के साथ धोखा करने वाले एक जून के बाद घर बैठने के लिए तैयार रहे। जनता ने इन्हें घर बिठाने का मन बना लिया है। यह बात कुटलैहड़ से कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा ने बुधवार को विभिन्न नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कहीं। विवेक शर्मा ने कहा कि डेढ वर्ष पूर्व जिस व्यक्ति ने कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लडक़र जीत हासिल की, उसने जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया। जनता ने इन पर विश्वास जताया, लेकिन यह लोग धनबल के सामने झुक गए। उन्होंने कहा कि मैने हमेशा कुटलैहड़ की जनता की सेवा की है। पिछले चुनाव में टिकट नहीं मिला, लेकिन इन्होंने पार्टी से कोई बगाबत नहीं की। लेकिन पूर्व विधायक ने जनता के साथ खिलवाड़ किया है। अब जनता की बारी है। ऐसे लोगों को करारा जवाब दें, ताकि आगे कोई ऐसी हिमाकत करने बारे सौ बारे सोचे। विक्कू ने कहा कि आपदा के समय मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जहां प्रदेश भर में आपदाग्रस्त क्षेत्रों को मदद पहुंचाई, वहीं कुटलैहड़ में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि इन्होंने जनता के साथ ही विश्वासघात नहीं किया, बल्कि कांग्रेस पार्टी के साथ भी धोखा किया है।