Himachal Election: राहुल गांधी-सीएम सुक्खू बोले, विवेक शर्मा को जिताओ

विवेक शर्मा बोले, कुछ लोगों ने खुद को गिरवी रख जनभावनाओं से किया खिलवाड़

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बंगाणा
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी व सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने न्याय संकल्प सभा में कुटलैहड़ से कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा को जिताने के लिए जनता से आहवान किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विक्कू को जिताकर विधानसभा भेजें, कुटलैहड़ के विकास में कमी नहीं आने दी जाएगी। कुटलैहड़ विस क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा ने कहा कि कुछ लोगों ने अपने आपको गिरवी रख दिया। इन्होंने जनता की भावनाओं को आहत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अब चुनाव के दौरान यह जनता के बीच जाकर घेरे में फंस रहे हैं। पहली बार प्रदेश में जनमंच से चुनी हुई सरकार को धनबल से तोडऩे का प्रयास किया गया। लेकिन सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इनकी कोशिशों को नाकाम कर दिया। रविवार को विवेक शर्मा ने झलेड़ा में आयोजित न्याय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जनादेश का अपमान करने वालों को जनता सबक सिखाने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ से भाजपा प्रत्याशी जहां भी चुनाव प्रचार के लिए जा रहे है, उन्हें जनता के रोष का सामना करना पड़ रहा है। विवेक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने कुशल नेतृत्व में प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम किया। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होने के बाद कांग्रेस सरकार ने सबसे पहले कर्मचारियों को ओपीएस देकर अपनी सबसे बड़ी गारंटी पूरी की। प्रदेश की महिलाओं को 1500 रुपए देने के लिए अधिसूचना जारी की। चुनाव आचार सहिंता के चलते इसमें देरी हुई है, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही महिलाओं को 15 सौ रुपए मिलने शुरू हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के लिए कांग्रेस सरकार ने प्राथमिकता दिखाई है। जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग, एचआरटीसी सहित अन्य विभागों में भर्तियां शुरु की है। उपचुनावों के बाद प्रदेश के युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने कि इलाके का विकास होगा।