पूरे पांच साल चलेगी सुक्खू सरकार

कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा विक्कू बोले, मतदान कांग्रेस सरकार को करें मजबूत
दिव्य हिमाचल ब्यूरो,ऊना
हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार पांच साल चलेगी। यह दावा कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा विक्कू ने शनिवार को क्षेत्र के आधा दर्जन स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कहीं। विवेक शर्मा ने कहा कि कांगे्रस सरकार मजबूत है। भाजपा ने प्रदेश सरकार को गिराने में कोई कसर नहीं छोड़ी। भाजपा का लोटस आप्रेशन बुरी तरह से फेल हो गया। उन्होंने कुटलैहड़ वासियों से आवाहन किया कि कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर सुक्खू सरकार को मजबूत करें, ताकि कुटलैहड़ में विकास की गति तीव्र की जा सके। उन्होंने कहा कि जनता ने जिन्हें आशीर्वाद देकर विधानसभा भेजा, उन्होंने जनता के साथ विश्वासघात किया। डेढ साल में क्षेत्र में विकास कार्य रोके रखे।

ऐसे लोग अब जनता के पास वोट लेने किस मुंह से जा रहे है। विवेक शर्मा ने कहा कि सुक्खू सरकार ने डेढ साल में रिकॉर्ड विकास कार्य करवाए। प्रदेश में भयंकर आपदा भी आई, लेकिन सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विकास कार्यो की गति कम नहीं होने दी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को ओपीएस दी गई। महिलाओं को 15 सौ रुपए की नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है। चुनावों के बाद महिलाओं के खाते में 15 सौ रुपए आने शुरु हो जाएंगे। युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध करवाया जा रहा है। कांग्रेस ने जनता से जो वादे किए थे, वे पूरे किए गए हैं।