टिक्कर-खमाड़ी सडक़ को 50 करोड़

दिल्ली पहुंचे पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दी राहत
विशेष संवाददाता-शिमला
राजधानी के टिक्कर-खमाड़ी सडक़ में अब मुसाफिरों को हिचकोले परेशान नहीं करेंगे। केंद्र सरकार ने 50 करोड़ रुपए की धनराशि सडक़ को देने का फैसला किया है। पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की दिल्ली में हुई मुलाकात के बाद सेंट्रल रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड (सीआरआईएफ) के तहत टिक्कर-खमाड़ी सडक़ के लिए प्रस्तावित 108 करोड़ में से 50 करोड़ की धनराशि मिलने जा रही है। लोकसभा चुनाव के दौरान इस मार्ग को लेकर केंद्र और राज्य के बीच चर्चा चल रही थी, लेकिन आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद यह चर्चा ठंडे बस्ते में चली गई, लेकिन अब विक्रमादित्य सिंह के दिल्ली दौरे से सडक़ निर्माण की संभावनाएं फिर से जागृत हो गई हैं। 52 किलोमीटर लंबी इस सडक़ से करीब 30 हजार आबादी को सीधा फायदा मिलेगा।

फिलहाल, टिक्कर-खमाड़ी सडक़ को सेंट्रल रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड की मंजूरी जल्द मिलने की संभावना एक बार फिर जागृत हो गई है। पीडब्ल्यूडी ने केंद्र सरकार को इस सडक़ के लिए 108 करोड़ रुपए का आकलन भेजा है। दो चरणों में भेजे गए इस आकलन में 63 और 45 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट शामिल हैं।पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस सडक़ के लिए केंद्रीय मंत्री से 50 करोड़ का फंड पहले देने का आह्वान किया। उनकी इस मांग को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंजूर कर लिया है। नितिन गडकरी ने टिक्कर-खमाड़ी सडक़ को जल्द ही 50 करोड़ रुपए का फंड जारी करने की बात कही है। विक्रमादित्य सिंह ने धनराशि स्वीकृत करने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।