कंपनी के कर्मचारी को ऊना पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में किया गिरफ्तार

स्टाफ रिपोर्टर-ऊना
शहर ऊना के साथ लगते एक गांव में एक निजी कंपनी के कर्मचारी को ऊना पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंजाब के जिला फाजिल्का के निवासी के रूप में हुई है। जिस पर ऊना की महिलाओं से करीब डेढ़ लाख रुपये गबन करने का आरोप है। पुलिस आरोपी को ऊना लाई है। जानकारी के अनुसार दो अप्रैल को ऊना पुलिस को दी शिकायत में कंपनी के सर्किल के प्रबंधक ने बताया कि फाजिल्का पंजाब निवासी ऊना शाखा में करीब एक वर्ष से काम कर रहा है। मामले का आरोपी ग्राहकों को लोन देने से संबंधित सभी काम एवं दिए गए लोन की किश्तों की वसूली का काम करता था।

आंतरिक अंकेक्षण के दौरान सामने आया कि आरोपी ने एक दिसंबर 2023 से 27 फरवरी 2024 तक 40 महिला ग्राहकों से लोन की 1,51,190 रुपये किस्त वसूल कर कंपनी के बैंक खाते में जमा न करवाकर राशि का गबन कर लिया। शिकायत के बाद पुलिस ने उक्त आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। करीब दो माह बाद आरोपी को पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने गढशंकर में भी महिलाओं से साथ करीब 50 हजार का गबन किया है। वहीं, एसपी ऊना राकेश सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।