उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बोले,नालागढ़़ सिखाएगा सबक

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि नालागढ़ में जनता का उत्साह बता रहा है की हरदीप बावा इस बार बड़ी जीत की ओर अग्रसर है, उन्होंने कहा कि हरदीप बावा एक कर्मठ कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ साथ नालागढ़ के विकास के प्रति सर्मपित जनप्रतिनिधि है, जो की दिन रात सिर्फ नालागढ़ और नालागढ़ वासियों के विकास की ही चिंता करता है। बकौल मुकेश अग्रिहोत्री इतने काबिल व्यकित को नालागढ़ की जनता इस बार सेवा का मौका जरूर देगी। उपमुख्यमंत्री ने उक्त शब्द नालागढ़ विस उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी हरदीप सिंह बावा के सर्मथन में बघेरी, मस्तानपुरा, अंबबाला, झिडि़वाल, दत्तोवाल खेड़ा व सैणीमाजरा में आयोजित जनसभाओं के दौरान कहे। बता दें की कांग्रेस ने नालागढ़ उपचुनाव के लिए अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है जहां उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में कई वरिष्ठ नेताओं ने अभियान की कमान संभाल ली है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नालागढ़ के लोग विकास को गति देने के लिए इस बार विपक्षी पार्टी के विधायक चुनने की परंपरा को तोड़ते हुए सत्ताधारी पार्टी का ही विधायक चुनेगें।

उन्होंने कहा कि नालागढ़ के विकास के लिए जनादेश को ठोकर मारने वाले प्रत्याशी को सबक सिखाने का वक्त आ गया है अग्रिहोत्री ने कहा कि मुझे विश्वास है की नालागढ़ की जनता एक जुट होकर भाजपा प्रत्याशी को इस विश्वासघात के लिए वोट की चोट से करारा जबाब देगी। उन्होंने कहा भाजपा का प्रत्याशी ये कैसा धरतीपुत्र है जो कि जनता के जनादेश का अपमान कर सिर्फ अपने फायदे के लिए डेढ़ वर्ष में इस्तीफा देकर अब फि र उसी भाजपा से चुनाव लड़ रहा है ऐसे नेता किसी के नही हो सकते। उन्होंने विपक्ष के नेता जय राम पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने कुछ महीने पहले केएल ठाकुर को मंच पर धकेल दिया था। वह आज उनके लिए प्रचार कर रहे है। अग्निहोत्री ने कहा कि केएल ठाकुर का भाजपा से टिकट कटने के बाद नारा दिया था कि मेरा क्या कसूर लेकिन आज जनता सवाल कर रही है कि हमारा क्या कसूर। इस बार जनता केएल ठाकुर को बताने के लिए तैयार है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, धनीराम शांडिल सीपीएस सुंदर ठाकुर, व अन्य मौजूद रहे।

हरदीप सिंह बावा होंगे 39वें विधायक
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस के पास 38 विधायक है और 39वां विधायक के रूप में हरदीप सिंह बावा जल्द ही शिमला पहुंचेगा। मुकेश ने कहा कि मैने तो आज से ही 39नंबर हरदीप बावा को दे दिया है।

स्वर्गीय वीरभद्र सिंह भी दे रहे होंगे बावा को आशीर्वाद
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा तीनों उपचुनाव हार रही है। जनता ने भाजपा के सरकार गिराने की हर साजिश को पूरी तरह से नकार दिया है। यह बात उन्होंने नालागढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी हरदीप बावा के पक्ष में चुनाव प्रचार के दौरान कही। आज दिवंगत वीरभद्र सिंह भी हरदीप बावा को विधायक बनने का आर्शीवाद दे रहे होंगे।

मैंने दिन-रात की क्षेत्र की सेवा, आगे भी करूंगा
कांग्रेस से प्रत्याशी हरदीप सिंह बावा ने कहा कि मैंने नालागढ़ के विकास में कोई कमी नहीं रखी। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हर बार रिकार्ड विकास करवाया। इस बार जनता मुझे विधायक बनाकर सेवा का मौका देगी तो विकास में कोई कसर नही रखूंगा।

भाजपा कोषाध्यक्ष बलदेव सिंह ने थामा कांग्रेस का दामन
बघेरी में आयोजित जनसभा में पंचायत प्रधान व भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष बलदेव सिंह ने समर्थकोंं के साथ उप-मुख्यमंत्री मुकेश अगिनहोत्री के समक्ष कांग्रेस का दामन थाम लिया।