आसमान से बरस रही आग…पारा उछलने से तंदूर बना ऊना

प्रचंड गर्मी से जन-जीवन हुआ अस्त-व्यस्त, कंस्ट्रक्शन का काम करने वाली लेबर का हो रहा बुरा हाल, नकदी फसलें भी मुरझाईं

नगर संवाददाता-ऊना
जिला ऊना में इस बार गर्मी ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए है। तापमान लगातार 45 डिग्री के आसपास ही चल रहा है। सूर्य देव आसमान से आग बरसा रहे है। चल रही गर्म हवाओं से जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सोमवार को जिला ऊना में अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पारे में आए उछाल से ऊना तंदूर की भांति तप रहा है।

लोगों को न दिन में और न ही रात में गर्मी से निजात मिल रही है। ऊपर से बिजली के बार-बार लग रहे कट गर्मी को और बढ़ाने का काम कर रहे है। भारी गर्मी के चलते लोग बीमार हो रहे है। इन दिनों स्वास्थ्य संस्थानों की ओपीड़ी में भी भारी मात्रा में लोग पहुंच रहे है। जिनमें ज्यादा उल्टी, दस्त व बुखार से पीडि़त है। जिला ऊना में पिछले डेढ सप्ताह से लगातार अधिकतम में उछाल दर्ज किया जा रहा है। सुबह सात बजे ही लू के थपेड़े लोगों का बुरा हाल कर रहे है। सूर्य देव प्रचंड रुप धारण किए हुए है। दिन के समय चल रही लू के थपेड़ों से लोगों का बुरा हाल हो रहा है। भीष्ण गर्मी के बीच एसी, कूलर व पंखें भी जवाब दे गए हैं।

कूलर-पंखे भी छोड़ रहे गर्म हवा

दिन के समय कूलर व पंखे भी गर्म हवा छोड़ रहे है। 44 डिग्री सेल्सियस के बीच एसी भी काम नहीं कर रहे है। गर्मी ने लोगों के पसीने छुडाकर रख दिए है। गर्मी के चलते दोपहर के समय बाजार पूरी तरह से सुनसान दिख रहे है। लोग सुबह व शाम के समय ही बाजार में खरीददारी के लिए पहुंच रहे है। ऊना में लंबे समय से बारिश का कोई नामोनिशान नहीं है। बारिश न होने से भी लगातार गर्मी अपना रूप दिखा रही है। अब बारिश ही लोगों को गर्मी से राहत दिला सकती है।

न्यूनतम तापमान ने भी बढ़ाया लोगों का मर्ज

अधिकतम तापमान के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी उछाल आया है। रविवार को न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड गया था। जोकि अब 2.1 डिग्री सेल्सियस बढक़र 25.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच
गया है।

अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज

जिला मौसम अधिकारी विनोद शर्मा ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि न्यूनतम तापमान भी बढक़र 25.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।