Himachal Election: कांग्रेस सरकार के धनबल को मिली करारी मात

पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी बोले, सरकारी कर्मियों-लोगों को डराने-धमकाने के भी लगे आरोप

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- नाहन
शिमला संसदीय सीट के भाजपा प्रभारी एवं पूर्व में मंत्री व पांवटा साहिब से विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर प्रदेश कांग्रेस सरकार के धनबल को हराया है। भारी मार्जन से भाजपा प्रत्याशियों ने हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करते हुए केंद्र में एक बार फिर मोदी सरकार बनाने का दावा मजबूत किया है। मंगलवार को नाहन में सुखराम चौधरी भाजपा की बंपर जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जश्र मनान के बाद संबोधित कर रहे थे। सुखराम चौधरी, विधायक रीना कश्यप, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग व मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार ने बीते डेढ़ साल में कोई कार्य नहीं किया।

प्रदेश की जनता में कांग्रेस सरकार के खिलाफ आक्रोश था जो लोकसभा चुनाव में निकल कर बाहर आया और प्रदेश कांग्रेस सरकार को मुंह की खानी पड़ी। प्रदेश कांग्रेस सरकार ने लोकसभा चुनाव जीतने के लिए कर्मचारियों को डराया-धमकाया, धनबल का इस्तेमाल किया। सत्ता में होने के बाद लगातार दबाव बनाया गया। बावजूद इसके प्रदेश की जनता ने भाजपा के समर्थन में मतदान कर कांग्रेस सरकार के धनबल को हराया है। केंद्र में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाएगी और देश के तीसरी बार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे। शिमला संसदीय सीट की अगर बात करें तो लगातार भाजपा ने जीत का चौका लगाते हुए चौथी बार शिमला सीट जीतकर अपने नाम की है। कांग्रेस के गढ़ में भी भाजपा ने सेंधमारी करते हुए भारी बढ़त हासिल की है। हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर इतिहास रचा है। हिमाचल प्रदेश सरकार में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के गृहक्षेत्र शिलाई व विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार के रेणुका के गृहक्षेत्र रेणुका से भी भाजपा ने भारी बढ़त हासिल की, जिससे साफ जाहिर होता है कि डेढ़ साल की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से जनता कितनी त्रस्त है।