HP Weather : हिमाचल में अगले दो दिन तक भीषण गर्मी के बीच आंधी-तूफान के आसार

शिमला। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों में लू चलने, गरज के साथ छींटे पड़ने की चेतावनी देते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार चार जून से शुष्क लू से कुछ राहत मिल सकती है। इस दिन राज्य में बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं। राज्य में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आमतौर पर ठंडा और सुहावना रहने वाला यह प्रदेश में तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री अधिक पहुंच गया है।

हिमाचल के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी के कारण होटल अपनी क्षमता के 80 प्रतिशत तक बुक हो चुके हैं और शिमला, मनाली, काजा और डलहौजी में पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। मौसम विभाग ने परामर्श जारी करते हुए कहा कि अगले 24 घंटों में सोमवार तक अलग-अलग स्थानों पर लू चलने, बिजली के साथ आंधी और तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे) चलने की संभावना है। बढ़ती लू ने हजारों हेक्टेयर वन भूमि को तबाह कर दिया है। राज्य में इस गर्मी में लगभग 1,100 आग की घटनाएं घटित हुई हैं। भीषण लू ने ऊंचे इलाकों में ग्लेशियरों को भी पिघला दिया है। सतलुज, यमुना और ब्यास जैसी बर्फ से भरी नदियों में जल स्तर बढ़ गया है।