दूरदर्शन पर नजर आएंगी कांगड़ा की रशिन शर्मा

कांगड़ा। जिला कांगड़ा की बेटी रशिन शर्मा जल्द ही राष्ट्रीय दूरदर्शन चैनल पर नजर आएंगी। देहरा से ताल्लुक रखने वाली रशिन शर्मा को दूरदर्शन में बॉलीवुड स्टार पंकज बैरी, राजू खैर, उपासना सिंह, तेज सपरु, किरन कुमार के साथ काम करने का मौका मिला है। रशिन शर्मा बहुत सारे मॉडलिंग के खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। रशिन भारत विकास परिषद और सेवा हमारा सौभाग्य की ब्रांड एंबेसेडर हैं।

उनको आजकल हिमाचल के पालमपुर में दूरदर्शन के धारावाहिक के लिए शूट करते हुए देखा जा रहा है। यह धारावाहिक जल्द दूरदर्शन पर प्रसारित होगा। रशिन शर्मा ने ‘दिव्य हिमाचल’ से विशेष बातचीत में बताया कि दूरदर्शन पर इस अवसर को पाकर वह बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने अपनी सफलता का सारा श्रेय अपनी माता को दिया है,जो हमेशा उसे आगे बढ़ाने में सहयोग करती हैं।