खाई में कार, पूर्व सैनिक की मौत

By: Jan 25th, 2024 12:10 am

अंधेरी-रणफुआ सडक़ पर पेश आया हादसा, बच्चों से मिलने जा रहे थे नाहन

निजी संवाददाता-नौहराधार
सिरमौर जिला के उपमंडल संगड़ाह के तहत गांव अंधेरी-रणफुआ मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। जहां सडक़ दुर्घटना में एक पूर्व सैनिक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान 43 वर्षीय बलदेव सिंह पुत्र रण सिंह निवासी बांदल तहसील नौहराधार के रूप में हुई है। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि गाड़ी के परखच्चे तक उड़ गए। गाड़ी को सुबह गांव के ग्रामीणों ने उस समय देखा जब वह घास के लिए जा रहे थे। उन्होंने दुर्घटना की तुरंत पंचायत प्रधान को सूचना दी।

उसके बाद पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों की मदद से शव को खाई से बाहर निकाला। जानकारी के मुताबिक पूर्व सैनिक बलदेव सिंह अपने मामा के घर से तडक़े सुबह नाहन में पढ़ाई कर रहे अपने बच्चों से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान जबड़ोग से कुछ ही किलोमीटर आगे अंधेरी के समीप कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें पूर्व सैनिक बलदेव सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। बता दें कि बलदेव सिंह भारतीय सेना के पूर्व सैनिक थे व माता-पिता के इकलौते बेटे थे। पूर्व सैनिक बलदेव सिंह अपने पीछे दो बच्चों व धर्मपत्नी को छोड़ गए हैं। वहीं थाना प्रभारी बृजलाल मेहता ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App