नए साल में कांगड़ा को नई उम्मीदें, कई वर्षों से लटके प्रोजेक्ट इस बार धरातल पर उतरने की आस

By: Jan 1st, 2024 12:08 am

स्टाफ रिपोर्टर-धर्मशाला

नए वर्ष में प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा की करीब आधा दर्जन बड़ी एवं महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर काम शुरू होने की उम्मीद है। 2023 की घोषित परियोजनाओं के काम 2024 में धरातल पर उतरेंगे तो विकास की नई ईबारत लिखी जाएगी। इसमें आर्थिकी सहित पर्यटन क्षेत्र को पंख लगाने वाली महत्वाकांक्षी कांगड़ा गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण परियोजना से नया सूर्योदय होगा। वहीं हवाई सफर को दुरुस्त करने के साथ ही शिमला-मटौर व पठानकोट-मंडी फोरलेन का कार्य भी युद्धस्तर पर चला हुआ है। वर्ष 2024 तक दोनों ही फोरलेन हाई-वे की अधिकतर तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी, और वाहन तेज़ गति से दौडऩे भी शुरू हो जाएंगे। ऐसे में बड़े क्षेत्र को जोडऩे में फोरलेन का सुहाना सफर कारगर साबित होगा। इसके साथ ही कांगड़ा जिला में प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के व्यास कैंपस का तो निर्माण कार्य युुद्धस्तर पर आगे बढ़ रहा है। जबकि मुख्य धौलाधर कैंपस जदरांगल धर्मशाला को लेकर रार देखने को मिल रही है। इस मसले पर सरकार की उलझाने वाली स्टेटमेंट लोगों को परेशान कर रही हैं, ऐसे में लोग बड़ी संख्या में सडक़ों पर भी उतर रहे हैं। अब 2024 में क्या 14 वर्षों के बनवास के बाद केंद्रीय विवि धर्मशाला को अपना मुख्य कैंपस धर्मशाला में मिल पाएगा, यह भी बड़ा सवाल रहेगा।

इसके अलावा जिला कांगड़ा में अंतरराष्ट्रीय स्तर का जू बनखंडी में खोलने के प्रोपोजल पर भी काम चल रहा है, जिसे अब धरातल में उतरने से भी पर्यटन क्षेत्र को नई उड़ान मिलेगी। इसके अलावा केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर की नेशनल हाई एल्टीटयूट सेंटर धर्मशाला बनाने के प्रोजेक्ट को धरातल पर लाने का काम भी शुरू होगा। पिछले कुछ वर्षों से भूमि चयन के बाद राजस्व औपचारिक्ताओं के बीच मसला अधर में है। धर्मशाला में ही इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर बनाने का भी प्रोपोजल भी है। इसके चलते पर्यटन विभाग की ओर से भूमि भी चयनित कर ली गई है। इसके बाद आगामी कार्य अब तक आगे नहीं बढ़ पाया है। जबकि धर्मशाला अब अंतरराष्ट्रीय इंवेट डेस्टिनेशन के रूप में भी विश्व भर में अपनी पहचान बना रहा है। इस बड़ी एवं महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 150 से 200 करोड़ रुपए खर्च का अनुमान लगाया गया है। इसी तरह धर्मशाला के इंद्रुनाग के साथ सटे क्षेत्र में नेशनल हाई एल्टीटयूट ट्रेनिंग सेंटर बनाया जाएगा। जहां इंटरनेशनल व नेशनल खेलने वाले एथलीट, हाकी व फुटबाल के खिलाड़ी अभ्यास कर पाएंगे। खेल नगरी में अपनी तरह का यह बड़ा प्रोजेक्ट है। प्रदेश सरकार भूमि मुहैया करवा दे तो केंद्र से इसके लिए भी सैकड़ों करोड़ रुपए का बजट मिल जाएगा। ऐसे सेंटर के निर्माण से खेलों के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। धर्मशाला में अक्षरधाम मंदिर के स्वरूप का प्रस्ताव पर भी काम शुरू हो गया है। वहीं मार्च में ही धर्मशाला में भारत-इंग्लैंड के बीच टेस्ट मैच भी खेला जाएगा। इसके साथ ही आईपीएल मैचों की मेज़बानी सहित एकदिवसीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी मिलने की भी उम्मीद है।

स्मार्ट सिटी के कार्यों ने पकड़ी रफ्तार

धर्मशाला में वर्षों से लंबित स्मार्ट सिटी के कार्यों ने भी आखिर रफ्तार पकड़ ली है। शहर में स्मार्ट रोड बनाए जाने का कार्य भी युद्धस्तर पर चल रहा है। जबकि कचहरी चौक सचिवालय व उपायुक्त कार्यालय परिसर के बाहर अब 150 फीट ऊंचा तिरंगा व शहीदों को समर्पित पवित्र स्थान बनाया जा रहा है। इसके अलावा भी फुटबॉल मैदान, नगर निगम धर्मशाला का नया कार्यालय व एलईईडी लाइटें भी स्थापित की जा रही हैं। ऐसे में नए वर्ष 2024 में कई उम्मीद हैं, जो कि देखना होगा कि कब पूरी हो पाती हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App