धोखेबाजों को जनता चुनाव में देगी जवाब

By: May 17th, 2024 12:56 am

कुटलैहड़ कांग्रेस के प्रत्याशी विवेक शर्मा विक्कू ने भाजपा पर कसा तंज, दघार, मुच्छाली, तनोह, नारी अपर व धमांधरी में मांगे वोट
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बंगाणा
कांग्रेस पार्टी के साथ जनता का विश्वास बढ़ता जा रहा है। यह बात कुटलैहड़ कांग्रेस के प्रत्याशी विवेक शर्मा विक्कू ने दघार, मुच्छाली, तनोह, नारी अपर व धमांधरी में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि विश्वासघात करने वालों के प्रति जनता में भारी रोष है। जनता अब बदला लेने के लिए निकल पड़ी है। जनता ने कुटलैहड़ के साथ धोखा करने वालों को सबक सिखाने का मन बना लिया है। विक्कू ने कहा कि जनता ने जिन्हें जीताकर विधानसभा भेजा, उन्होंने जबर्दस्ती कुटलैहड़ के लोगों पर उपचुनाव थोपा है। इन चुनावों का खर्चा प्रदेश की जनता पर पड़ेगा। जनता ने इन्हें वोट रुपी आशीर्वाद दिया, जनता का क्या कसूर था? विवेक शर्मा ने कहा कि वह कांग्रेस के सच्चे सिपाही है और रहेंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें अंतिम कड़ी में टिकट दिया गया। थोड़े से समय में उन्होंने कुटलैहड़ की जनता व कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद से करीब 26 हजार वोट हासिल किए। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में सबसे कम वोट से हम हारे थे। उन्होंने कहा कि अब इस बार उन्हें जनता का भारी समर्थन व प्यार मिल रहा है।

जनता के उत्साह व समर्थन को देखते हुए कुटलैहड़ में कांग्रेस पार्टी की बड़ी जीत दिख रही है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने अपना सारा जीवन कुटलैहड़ की सेवा में लगाया है। वह भी लंबे समय से कुटलैहड़ के लोगों की सेवा में जुटे हुए है। हर बार उन्हें जनता ने प्यार दिया। विक्कू ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी बताए कि बीडीसी चेयरमैन रहते हुए अपने क्षेत्र में कौन का विकास कार्य करवाया। जनता जानना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी व उनके परिवारिक सदस्य चार बार चुनाव हारे, लेकिन जब इन्होंने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की तो जनता ने इन्हें वोट रुपी आशीर्वाद देकर विधानसभा भेजा। इस बार कुटलैहड़ की जनता इनका घमंड तोड़ेगी। विवेक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री दोनों हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से आते है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से प्रदेश में सरकार चल रही है। उन्होंने कुटलैहड़ के लोगों से आहवान किया कि इस बार उन्हें आशीर्वाद दें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App