ऊना ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को दिए हैं दो सांसद

By: May 2nd, 2024 12:06 am

अब तक रणजीत सिंह-मेजर जनरल विक्रम सिंह ने ही तय किया संसद तक का सफर

कांग्रेस ने बीस साल बाद ऊना से सतपाल रायजादा को बनाया है प्रत्याशी

अजय ठाकुर — गगरेट

हिमाचल प्रदेश के सबसे हॉट संसदीय क्षेत्र माने जाने वाले हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को दो बार सांसद दे चुके जिला ऊना को क्या इस बार सांसद मिलेगा। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा के हैवीवेट उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के सामने इस बार कांग्रेस ने जिला ऊना से संबंध रखने वाले ऐसे चेहरे को चुनाव मैदान में उतारा है, जो विषम परिस्थितियों में भारी उलटफेर करने का दम रखते हैं। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस के सतपाल सिंह रायजादा तत्कालीन भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व भाजपा के वरिष्ठ नेता सतपाल सिंह सत्ती को धूल चटाकर सबको आश्चर्यचकित कर चुके हैं। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में जिला ऊना को महज दो बार ही प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। वर्ष 1977 में जनता पार्टी के टिकट पर स्व. रंजीत सिंह हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं, तो उसके बाद वर्ष 1996 में भाजपा के दिग्गज नेता पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को हराकर कर कांग्रेस के मेजर जनरल विक्रम सिंह भारी उलटफेर कर चुके हैं।

हालांकि लगातार इस सीट से जीत दर्ज करती आ रही भाजपा के समक्ष वर्ष 2004 में कांग्रेस ने पूर्व विधायक ओपी रतन के रूप में ऊना से इस संसदीय क्षेत्र के लिए प्रत्याशी दिया था, लेकिन वह जीत दर्ज करने में सफल नहीं हो पाए। इसके बाद से लगातार इस सीट पर भाजपा कब्जा जमाए बैठी है। भाजपा के अनुराग सिंह ठाकुर यहां से चार बार चुनाव जीत चुके हैं और उनका विजयी रथ रोकने के लिए कांग्रेस ने दमदार प्रत्याशी के लिए काफी माथापच्ची की और अंतत ऊना से करीब 20 साल बाद सतपाल सिंह रायजादा को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

ऊना में अब बदल गए हैं हालात

बताया जा रहा है कि कांग्रेस की स्थिति उस लिहाज से तो ऊना में ठीक होती, जब ऊना के पांच विधानसभा क्षेत्रों में से चार पर कांग्रेस को कब्जा था, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में कुटलैहड़ व गगरेट के कांग्रेस विधायक पाला बदल कर भाजपा में जा चुके हैं और वहां भी उपचुनाव हैं। ऐसे में ऊना जिला सतपाल सिंह रायजादा के लिए कितना फायदेमंद साबित होता है, यह देखने वाली बात होगी। सतपाल रायजादा के पक्ष में एक बात यही है कि इसी संसदीय क्षेत्र से मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री है। जाहिर है कि रायजादा के साथ-साथ इस चुनाव में उनकी साख भी दांव पर लगी है। तो क्या सतपाल सिंह रायजादा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से जिला ऊना के तीसरे सांसद बनेंगे या फिर बाजी फिर से अनुराग सिंह ठाकुर ले जाएंगे, इसी पर अब सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App