60 दिन में खोलेंगे 100 नई व्यायामशालाएं, सीएम नायब सिंह ने किया ऐलान

By: Jun 22nd, 2024 12:06 am

हिसार में दसवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में सीएम नायब सिंह ने किया ऐलान

दिव्या हिमाचल ब्यूरो- चंडीगढ़

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि प्रदेश में आगामी 60 दिनों में 100 और व्यायामशालाएं खोली जाएंगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इनमे नियमित योग का लाभ उठा सकें। मुख्यमंत्री शुक्रवार को हिसार में 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में योग अभ्यास करने आए योग साधकों को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा योग आयोग व आयुष विभाग द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1121 स्थानों को चिन्हित करके व्यायामशालाएं खोली गई है और इनमें से 714 व्यायामशालाओं में नियमित योग हो रहा है। हरियाणा सरकार का प्रदेश में घर-घर तक योग को पहुंचाने का ध्येय है और इसी के जरिये लोगों को स्वस्थ भी करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाने के लिए वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा से प्रस्ताव पारित कराया था, जिसका विश्व के 177 देशों ने समर्थन किया था। आज पूरी दुनिया के 217 देश 21 जून को योग दिवस के रूप में मना रहे हैं।

सीएम बोले, करें रोज योग और हमेशा रहे निरोग

मुख्यमंत्री ने लोगों से आह््वान किया कि योग को अपने प्रतिदिन की दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, ताकि योग से शरीर को बीमार होने से बचाया जा सके। इसलिए करें योग, रहें निरोग। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने निर्णय लिया है कि योग को स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। हर रोज प्रार्थना सभा से पहले पांच मिनट विद्यार्थियों को योग अभ्यास करवाया जाता है। स्वास्थ्य मंत्री डा. कमल गुप्ता ने कहा कि योग करना जरूरी।

पुरस्कार देने की घोषणा की

इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह ने हरियाणा योग आयोग की पुस्तिका योग प्रोटोकॉल का विमोचन भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हिसार जिले की दो और व्यायामशालाओं का उद्घाटन तथा दो व्यायामशालाओं का शिलान्यास भी किया। इसके अलावा उन्होंने योग कार्यक्रम के दौरान योग की प्रस्तुति देने वाले स्कूली छात्रों को दो लाख रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने योग से जुड़ी कई सामाजिक संस्थानों को भी सम्मानित किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App