ऊना में फिर दिखा कांग्रेस का दबदबा, राकेश कालिया, विवेक शर्मा ने पछाड़ी भाजपा

By: Jun 5th, 2024 12:06 am

विधानसभा उपचुनावों में गगरेट से राकेश कालिया, कुटलैहड़ से विवेक शर्मा ने पछाड़ी भाजपा

जतिंद्र कंवर-ऊना

ऊना जिला में दो विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों में कांग्रेस ने भाजपा को पटकनी देते हुए दोनों सीटों पर पुन: कब्जा जमा लिया है। इसके साथ ही जिला से एक बार फिर से कांग्रेस विधायकों की संख्या बढक़र चार हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने गगरेट व कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्रों के लिए हुए उपचुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा प्रत्याशियों के चारों खाने चित कर दिया। गगरेट विस क्षेत्र उपचुनाव में कांग्रेस के हैवीवेट प्रत्याशी राकेश कालिया ने अपनी चौथी जीत दर्ज करते हुए भाजपा के प्रत्याशी व पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा को हराया, तो दूसरी तरफ कुटलैहड़ विस उपचुनाव में कांग्रेस के विवेक शर्मा ने पूर्व विधायक व भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो को हराकर पहली बार विधानसभा की दहलीज पार करने का गौरव हासिल किया। इससे पहले मंगलवार को गगरेट व कुटलैहड़ विधानसभा सीटों के उपचुनाव 2024 की मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न हुई। मतगणना के उपरांत गगरेट और कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्रों के नतीजे घोषित किए गए।

निर्वाचन अधिकारी एसडीएम गगरेट सौमिल गौतम ने गगरेट के परिणाम की घोषणा की। गगरेट विस क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी राकेश कालिया विजयी रहे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी चैतन्य शर्मा को 8,487 मतों से पराजित किया। राकेश कालिया को 35,768 मत प्राप्त हुए, जबकि चैतन्य शर्मा को 27,281 मत मिले। इसके अलावा आजाद प्रत्याशी अमित वशिष्ट को 570 मत, अशोक सौंखला को 323 मत, मनोहर लाल शर्मा को 288 मत प्राप्त हुए, जबकि नोटा के पक्ष में 606 मत मिले। वहीं कुटलैहड़ के चुनावी परिणाम की घोषणा निर्वाचन अधिकारी एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल ने की। कुटलैहड़ विस क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार विवेक शर्मा विजयी रहे। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो को 5,356 मतों से हराया। कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा को 36,853 मत प्राप्त हुए जबकि भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो को 31,497 मत मिले।

-एचडीएम


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App