सांस्कृतिक संरक्षण में योगदान पर बुजुर्गों को सम्मान

By: Jun 30th, 2024 12:55 am

इंटेक ने 95 साल से ज्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को नवाजा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- मंडी
भारतीय सांस्कृतिक निधि इंटेक ने मंडी में आयोजित एक विशेष समारोह में 95 साल की आयु से अधिक ऐसे लोगों को सम्मानित किया, जो आज एक सामाजिक धरोहर व निधि के तौर पर अपने जीवन की शताब्दी को पूरा करने जा रहे हैं या कर चुके हैं। अतिरिक्त उपायुक्त मंडी रोहित राठौर के कर कमलों से इंटेक ने 102 साल के देवी चंद, 101 वर्ष ओम चंद कपूर, 99 साल की घुंघली देवी, फ ागणी देवी 96 वर्ष, के के नूतन 96 साल, रोशन लाल 95, धर्मपाल कपूर, शन्नो शर्मा, कमलेश्वर कपूर, सुंदर लाल मजबूर एवं भूपेंद्र मल्होत्रा को सम्मानित किया गया। इंटेक मंडी के संयोजक नरेश मल्होत्रा ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उदेश्य इस क्षेत्र के इतिहास और संस्कृति में इनके महत्वपूर्ण स्थान को सम्मान देना था। रोहित राठौर ने कहा कि उन्होंने अब तक 6 जिलों में प्रशासनिक अधिकारी के तौर पर काम किया है मगर इस तरह का आयोजन पहली बार मंडी में ही देखा गया, जो अति सराहनीय है। संयोजक नरेश मल्होत्रा ने कहा कि यह सभी लोग हमारे इतिहास और विरासत का हिस्सा हैं। इनका सम्मान और इनकी पहचान बनाए रखना हमारा कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि कई बार पुराने वर्षों के रीति रिवाजों, पुराने त्योहारों, इतिहास के बारे में इंटैक ने इन से जानकारी प्राप्त की है। इस प्रकार के लोग हमारे मार्ग दर्शक भी रहें हैं। नरेश मल्होत्रा ने कहा कि इंटेक के सदस्यों को कुछ समय से इन लोगों को सम्मानित करने का उत्साह था। इस उम्र के कई लोग स्वास्थ्य एवं अन्य कारणों से समारोह में शामिल नहीं हो सके। कार्यक्रम का संचालन नीरजा शर्मा एवं हेमलता पूरी ने कुशलता पूर्वक किया तथा शायरी व् गाना गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध किया। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों की लिए मीना, प्रेमलता एवं अहिल्या ने गीत गाकर मनोरंजन किया तथा वरिष्ठ साहित्यकार रेखा वशिष्ठ ने नानी की ऊपर कविता सुनाकर सबको भावुक कर दिया। इस अवसर पर भारतीय सांस्कृतिक निधि सह संयोजक अनिल शर्मा, सदस्य कमलकांत शर्मा, वाई सी वैद्य, पवन मल्होत्रा, महेश पूरी, गजेंद्र बहल, अजय सहगल, राजीव कुमार, अरविंद शर्मा, अजय, डा. हरीश बहल, ललित कपूर व अन्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App