Electric Bus: 327 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को ग्लोबल टेंडर

By: Jun 19th, 2024 12:08 am

वित्त विभाग से सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद एचआरटीसी का फैसला

टाइप-1 होंगी 297 गाडिय़ां 500 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होंगे खरीद पर

राजेश मंढोत्रा — शिमला

ग्रीन हिमाचल बनाने के लक्ष्य के तहत हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम ने राज्य के इतिहास में पहली बार 327 इलेक्ट्रिक बसें खरीद करने का ग्लोबल टेंडर किया है। इसमें 297 बसें टाइप-1 की होगी, जिनकी प्रति बस कीमत डेढ़ करोड़ के आसपास की है, जबकि बाकी बसें टाइप-3 होंगी, जिनकी कीमत दो करोड़ के आसपास होगी। राज्य सरकार के योजना विभाग से सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम ने इसके लिए ग्लोबल टेंडर कर दिया है। अब देश भर में मौजूद इलेक्ट्रिक व्हीकल निर्माता कंपनियों के साथ प्री-बिड मीटिंग होगी और उसके बाद टेंडर की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ग्रीन हिमाचल के अपने लक्ष्य के तहत पहले बजट में ही इलेक्ट्रिक बसें खरीदने का फैसला किया था, लेकिन करीब एक साल तक चली लंबी चर्चा के बाद टेंडर अब डेढ़ साल के बाद हुआ है। इस वित्त वर्ष के बजट में 327 बसों को खरीदने की घोषणा की गई थी, लेकिन हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी का इंतजार कर रहा था।

इसी महीने 10 तारीख को प्लानिंग विभाग ने यह मंजूरी परिवहन विभाग को दी। उसके बाद प्रधान सचिव परिवहन ने इस खरीद को लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश एचआरटीसी के एमडी को दिए, तब जाकर यह टेंडर की प्रक्रिया शुरू हुई है। राज्य सरकार की ओर से लिए गए फैसले के अनुसार हिमाचल में एचआरटीसी की 1500 डीजल बसों को इलेक्ट्रिक बसों में रिप्लेस किया जाना हैए लेकिन 327 बसों की खरीद पर ही 513 करोड़ के आसपास खर्च होगा। हालांकि इस परचेज की कुल लागत क्या आती है, यह टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पता चलेगा। दूसरी तरफ राज्य सरकार मुश्किल आर्थिक हालात का सामना कर रही है और ऐसे में 513 करोड़ कहां से आएंगे, यह भी एक सवाल है, लेकिन वित्त विभाग ने क्योंकि इसकी अनुमति पहले दे रखी है। हिमाचल प्रदेश पर परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि वित्त विभाग से मिली अनुमति के बाद निगम ने ग्लोबल टेंडर कर दिया है और इस प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। यह पहली बार है कि हिमाचल इतने बड़े स्तर पर इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद कर रहा है। इससे पहले इलेक्ट्रिक बसें स्मार्ट सिटी के तहत हिमाचल के चुनिंदा शहरों में चल रही हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App