Kangra: धवाला को मनाने आए तीन पूर्व विधायक

By: Jun 28th, 2024 11:08 pm

अर्जुन-कूका-जियालाल ने की नाराजगी दूर करने की कोशिश

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — ज्वालामुखी

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और देहरा उपचुनाव के भाजपा प्रमुख डा. राजीव बिंदल ने शुक्रवार को पार्टी से नाराज चल रहे पूर्व मंत्री रमेश धवाला को मनाने और पार्टी प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के लिए भाजपा के साथ चलने का संदेश भेजा। तीन पूर्व विधायकों जवाली से अर्जुन सिंह, नगरोटा बगवां से अरुण कूका और भाटियात चंबा से जियालाल को भेजा और उन्हें पार्टी पार्टी के लिए काम करने का आग्रह किया। इस दौरान भाजपा नेता रमेश धवाला ने कहा कि भाजपा में कुछ लोग कैडर को समाप्त करने पर तुले हुए हैं, जो भाजपा के लिए भविष्य में आत्मघाती सिद्ध हो सकता है।

उन्होंने कहा कि देहरा उपचुनाव के बीच पार्टी के तीन पुराने कार्यकर्ताओं को किसके कहने पर निष्कासित किया गया। उन्हें नोटिस देकर उनसे जवाब मांगा जा सकता था, परंतु कुछ लोगों की शह पर उनके साथ अन्याय किया गया। इसके अलावा एक और पार्टी पदाधिकारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, क्योंकि ये लोग उस व्यक्ति के लिए काम नहीं करना चाहते, जिसने हमेशा पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को जलील किया हो। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं और उनका वोट भाजपा को ही जाएगा। वह अपने समर्थकों को भी भाजपा का ही साथ देने के लिए कहेंगे, परंतु पार्टी और उसके नेताओं पर यक्तिगत टिप्पणी करने वाले और कार्यकर्ताओं को जलील करने वाले व्यक्ति के साथ वह कैसे चल सकते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App