हमारी छोड़ें, अपने विधायकों की चिंता करें जयराम

By: Jun 22nd, 2024 12:07 am

हमीरपुर में गरजे सीएम सुखविंदर सुक्खू, एमएलए ने स्पीकर के सामने फाड़े थे सदन पटल पर रखे कागज

हमीरपुर से कांग्रेस उम्मीदवार पुष्पेंद्र वर्मा की नामांकन रैली में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने मांगा लोगों से समर्थन

दिव्य हिमाचल ब्यरो — हमीरपुर

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सरकार बनाने के सपने लेना छोड़ दें। हमारे पास अभी 38 विधायक हैं। हाई कोर्ट में चल रहे सीपीएस के मामले को लेकर जयराम लोगों को बहका रहे हैं। जयराम को अपने नौ विधायकों की चिंता करनी चाहिए, जिनके खिलाफ विधानसभा अध्यक्ष के पास याचिका लंबित है। यह कहना था मुख्यमंत्री ठाकुर सुख्विंदर सिंह सुक्खू का। मुख्यमंत्री शुक्रवार को उपचुनाव में हमीरपुर से कांग्रेस के प्रत्याशी डा. पुष्पेंद्र वर्मा की नामांकन रैली में शामिल होने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा के नौ विधायकों ने बीते बजट सत्र के दौरान विधानसभा में गुंडागर्दी की थी और स्पीकर के सामने सदन पटल पर रखे कागजात को फाडक़र हवा में लहराया था। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की ओर से दी गई याचिका पर स्पीकर को फैसला लेना है। कांग्रेस विधायक दल ने इस मामले में जल्दी फैसला लेने का आग्रह किया है।

अगर ये नौ विधायक अयोग्य घोषित हुए, तो दोबारा चुनाव में एक-दो ही गलती से जीतकर आएंगे, जिससे कांग्रेस विधायकों की संख्या 50 तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि पूर्व निर्दलीय विधायक आशीष शर्मा हमीरपुर का सबसे बड़ा खनन माफिया है। उसके 5-6 क्रशर हैं। पूर्व विधायक आशीष ने अपना प्रेरणास्रोत राजेंद्र राणा को बनाया हुआ है। अच्छा होता वह प्रेम कुमार धूमल को अपना प्रेरणास्रोत बनाते, क्योंकि उनके आशीर्वाद से ही आशीष ने पैसा कमाया है। उन्होंने कहा कि वह जनता की संपदा को लुटने नहीं देंगे। भ्रष्टाचार के हर चोर दरवाजे को बंद किया जाएगा। सीएम सुक्खू ने कहा कि हमीरपुर में हमने पुष्पेंंद्र वर्मा को ईमानदार उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतारा है। उन्हें जिताकर विधानसभा भेजें, जो भी काम वह बताएंगे, उन्हें किया जाएगा।

महिलाओं के खाते में डाले जाएंगेे 4500 रुपए

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के खाते में 1500 रुपए डाले जा रहे हैं। हमीरपुर विधानसभा सीट को छोडक़र जिले की अन्य चारों विधानसभा क्षेत्रों की महिलाओं के खाते में 4500 रुपए 25 जून को डाल दिए जाएंगे। ज्वालामुखी में इसका कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने रैली के समापन पर जिला परिषद उपाध्यक्ष नरेश दर्जी को कांग्रेस में शामिल कराया।

लोगों को साबित करना है कि वे सीएम के साथ हैं

हमीरपुर से कांग्रेस के प्रत्याशी डा. पुष्पेंद्र वर्मा की नामांकन रैली में पहुंचे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह भगवान का दिया मौका है कि पुष्पेंद्र वर्मा ने विधानसभा पहुंचना था। हमीरपुर के लोगों को अब यह साबित करना है कि वे मुख्यमंत्री के साथ हैं। हमीरपुर के मुख्यमंत्री को हटाने के लिए पता नहीं, क्यों यहां के नेता सक्रिय हो जाते हैं। पहले प्रेम कुमार धूमल को हटाने की साजिश रची गई, अब सुखविंदर सिंह सुक्खू को हटाने व सरकार गिराने का षड्यंत्र रचा गया।

प्रतिभा सिंह बोलीं, सच्चे जनसेवक हैं डा. पुष्पेंद्र वर्मा

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि पुष्पेंद्र वर्मा सच्चे जनसेवक हैं। उन्हें जिताने के लिए दिन-रात एक करें। पूर्व निर्दलीय विधायक आशीष के ईमान बेचने के कारण यह उपचुनाव हो रहा है, जिसकी जिम्मेदार भाजपा है। कांग्रेस सरकार के 16 महीने के कार्यकाल में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। सरकार ने ओपीएस, 1500 रुपए महिला पेंशन सहित पांच गारंटी पूरी कर दी हैं। इसके अलावा अनेक योजनाएं लोगों के लिए लागू की हैं।

कमलेश ठाकुर की संपत्ति

देहरा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश ठाकुर 9.14 करोड़ संपत्ति की मालकिन हैं। उनके पास 90.88 लाख की चल संपत्ति और 8.23 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। इस संपत्ति में उनके पति मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और दो बेटियों का हिस्सा भी है। कमलेश के पास 20.70 लाख की ज्वैलरी, 51.79 लाख रुपए कीमत का न्यू चंडीगढ़ में फ्लैट और छोटा शिमला में हिमुडा का फ्लैट, नादौन, शिमला और सोलन के बद्दी में जमीन है। कमलेश के पास 2.91 करोड़ की अचल और 54.65 लाख की चल संपत्ति, उनके पति के पास 5.31 करोड़ की अचल और 31.26 लाख की चल संपत्ति, बेटियों के पास 3.77 लाख और 1.19 लाख की चल संपत्ति है।

करोड़पति होशियार सिंह

भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह की चल संपत्ति करीब डेढ़ साल में दोगुना से भी अधिक बढ़ गई है। उन्होंने विधानसभा चुनाव 2022 में दिए नामांकन पत्र में अपनी कुल चल संपत्ति 2,05,18,200 रुपए और अचल संपत्ति 3,10,17,139 बताई थी, जबकि उपचुनाव में उन्होंने अपने नामांकन त्र में चल संपत्ति 5,26,68,931 अचल संपत्ति 2,93,18,639 रुपए बताई है। हालांकि अचल संपत्ति पंद्रह माह में 17 लाख के करीब कम हुई है। उनपर 40,53, 800 रुपए का ऋण भी है। बता दें कि होशियार सिंह ने 2017 और 2022 में बतौर निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव लड़ा था।

डा. पुष्पेंद्र वर्मा की दौलत

विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर से कांग्रेस प्रत्याशी डा. पुष्पेंद्र वर्मा भी करोड़पति हैं। उन्होंने अपनी चल और अचल संपत्तियां 15 माह पूर्व की भांति दर्शाई हैं। 15 माह में संपत्तियों में कोई बढ़ोतरी नहीं दर्शाई गई है। डा. पुष्पेंद्र के पास 36 लाख की चल और 2.13 करोड़ की अचल संपत्ति है। उन पर 58 लाख का हाउस और पर्सनल लोन है। उनके पास सात लाख की कीमत की एक गाड़ी, 10 लाख की कीमत का 200 ग्राम सोना है, जबकि उनकी पत्नी के पास 48.10 लाख की अचल संपत्ति है। दस लाख की गाड़ी, 25 लाख के 500 ग्राम आभूषण और बच्चों के नाम 23 लाख की अचल संपत्ति है। पत्नी के पास 29 लाख की अचल संपत्ति है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App