हिमाचल में कब से हैं झमाझम के आसार, जानिए

By: Jun 27th, 2024 11:28 pm

हिमाचल में भारी बारिश की चेतावनी, तूफान की आशंका

विशेष संवाददाता — शिमला

हिमाचल में मानसून का इंतजार आगामी दो से तीन दिन में खत्म हो सकता है। मानसून प्रदेश के मुहाने पर पहुंच गया है। गुरुवार को मानसून का दखल पड़ोसी राज्य उत्तराखंड समेत समूचे उत्तर भारत में देखने को मिला है, जबकि हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की ओर मानसून आगे बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो से तीन दिन में हिमाचल, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में मानसून आगे बढऩे की संभावना है। मौसम विभाग ने इस उतार-चढ़ाव के बीच शुक्रवार 28 जून से तीन जुलाई तक लगातार बारिश होने की संभावना जताई है।

इस दौरान प्रदेश भर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज बारिश के साथ गर्जना और मैदानी इलाकों में आंधी-तूफान की भी संभावना जताई गई है।मौसम विभाग ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे रवाना होने से पूर्व मौसम की जांच कर लें। प्रदेश में गुरुवार को सबसे ज्यादा तापमान ऊना में दर्ज किया गया है। यहां 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा है।

अंब में सबसे ज्यादा बारिश

प्रदेश में गत 24 घंटे के दौरान ऊना, कांगड़ा, मंडी, सोलन और शिमला में जमकर बारिश हुई है। ऊना के अंब में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। यहां 47.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा ऊना में 25 मिमी, रोहड़ू में 24 मिमी, बंगाणा में 22.6 मिमी, कांगड़ा में 20.8 मिमी, पालमपुर 19.6 मिमी, देहरागोपीपुर में 14.3 मिमी, भराड़ी में 12.6 मिमी, सराहन में 12.0 मिमी, सोलन 9.6 मिमी, जोगेंद्रनगर में 7.0 मिमी, मंडी में 4.6 मिमी, चंबा में 4.5 मिमी बारिश दर्ज की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App