जनता जानती है, यही सरकार पूरी करेगी आकांक्षाएं

By: Jun 27th, 2024 11:53 am

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राज्यसभा और लोकसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित कर रही हैं। उनका अभिभाषण जारी है। राष्ट्रपति ने कहा कि देश में छह दशक के बाद पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार बनी है। लोगों ने इस सरकार पर तीसरी बार भरोसा जताया है। इससे पता चलता है कि लोग जानते हैं कि सिर्फ यही सरकार उनकी आकांक्षाओं को पूरा कर सकती है। 18वीं लोकसभा कई मायनों में ऐतिहासिक लोकसभा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की विकास गति को तेज किया जाएगा। ग्रोथ की निरंतरता हमारी गारंटी है और आने वाले बजट में ऐतिहासिक कदम दिखेंगे। किसानों का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि किसानों को 20 हजार करोड़ ट्रांसफर किए गए हैं। हम किसानों को ज्यादा से ज्यादा आत्मनिर्भर करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव था, करीब 64 करोड़ मतदाताओं ने उत्साह और उमंग के साथ अपना कर्तव्य निभाया है। इस बार भी महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर मतदान में हिस्सा लिया है। इस चुनाव की बहुत सुखद तस्वीर जम्मू-कश्मीर से भी सामने आई है। कश्मीर घाटी में वोटिंग के अनेक दशकों के रिकॉर्ड टूटे हैं। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित सांसदों को बधाई दी औश्र सफल चुनाव कराने के लिए निर्वाचन आयोग को बधाई दी और देशवासियों की तरफ से चुनाव आयोग का आभार जताया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App