ऊना में झुलसाने वाली गर्मी, जन-जीवन हुआ अस्त-व्यस्त

By: Jun 1st, 2024 12:55 am

अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड, आसमान से बरस रही आग, सडक़ों पर चलना हुआ मुश्किल, न दिन में और न ही रात में मिल रही गर्मी से निजात
नगर संवाददाता-ऊना
जिला ऊना में झुलसाने वाली गर्मी से जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। तापमान लगातार नए-नए रिकॉर्ड बना रहा है। शुक्रवार को जिला ऊना में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दो दिन पहले ही 29 मई को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। लगातार तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पास चल रहा है। पारे में आए उछाल से ऊना तंदूर की भांति तप रहा है। लोगों को न दिन में और न ही रात में गर्मी से निजात मिल रही है। ऊपर से बिजली के बार-बार लग रहे कट गर्मी को और बढ़ाने का काम कर रहे है। भारी गर्मी के चलते लोग बीमार हो रहे है। इन दिनों स्वास्थ्य संस्थानों की ओपीडी में भी भारी मात्रा में लोग पहुंच रहे हंै, जिनमें ज्यादा उल्टी, दस्त व बुखार से पीडि़त हैं। जिला ऊना में पिछले डेढ सप्ताह से लगातार अधिकतम में उछाल दर्ज किया जा रहा है। सुबह सात बजे ही लू के थपेड़े लोगों का बुरा हाल कर रहे है। सूर्य देव प्रचंड रूप धारण किए हुए है। दिन के समय चल रही लू के थपेड़ों से लोगों का बुरा हाल हो रहा है।

भीष्ण गर्मी के बीच कूलर व पंखें भी जवाब दे गए हैं। दिन के समय कूलर व पंखे भी गर्म हवा छोड़ रहे है। जिससे उमस भरी गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ाकर रख दिए हैं। गर्मी के चलते दोपहर के समय बाजार पूरी तरह से सुनसान दिख रहे है। लोग सुबह व शाम के समय ही बाजार में खरीददारी के लिए पहुंच रहे है। ऊना में लंबे समय से बारिश का कोई नामोनिशान नहीं है। बारिश न होने से भी लगातार गर्मी अपना रुप दिखा रही है। अब बारिश ही लोगों को गर्मी से राहत दिला सकती है। इन दिनों कुटलैहड़ क्षेत्र के जंगल आग से घिरे हुए है। क्षेत्र के हर जंगल में आग की लपटें देखी जा रही है। कुटलैहड़ के तरफ धुंआ ही धुंआ दिखाई दे रहा है। जंगलों में लगी आग से भी तापमान में वृद्धि हुई है।

अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज
जिला मौसम अधिकारी विनोद शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि न्यूनतम तापमान भी बढक़र 22.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

खरबूजा व तरबूज की बिक्री में आई तेजी
लोग गर्मी से निजात पाने के लिए पेय पदार्थो के साथ-साथ खरबूजा व तरबूज का सेवन कर रहे है। इन दिनों खरबूजा व तरबूज की बिक्री में काफी तेजी आई है। इसके अलावा लोग नींबू, पानी, गन्ने का रस आदि पीकर गर्मी को शांत कर रहे हंै।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App