Punjab News : 8% बढ़ाया कर्मचारियों का वेतन

By: Jul 2nd, 2024 12:08 am

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम कर्मियों को दिया बड़ा तोहफा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंडीगढ़

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम एचकेआरएन के माध्यम से लगे लेवल-एक, दो और तीन श्रेणी के एक लाख 19 हजार से अधिक कर्मचारियों को एक बड़ा तोहफा देते हुए पहली जुलाई से उनके वेतन में आठ प्रतिशत की वृद्धि करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा सोमवार को यहां भारतीय मजदूर संघ के साथ आए विभिन्न मजदूर संघों तथा एचकेआरएन के कर्मचारियों के साथ बैठक के दौरान की। इस अवसर पर विधायक मोहन लाल बडोली, सीताराम यादव और लक्ष्मण सिंह यादव भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि एचकेआरएन के तहत पारदर्शी तरीके से कर्मचारियों को रखा गया है। लेवल-एक में 71012, लेवल-2 में 26915 और लेवल-3 में 21934 कर्मचारी हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत रखे गए कर्मचारियों में अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के युवाओं को भी लाभ दिया है। डेप्लॉएमेंट ऑफ कॉट्रेक्चुअल पॉलिसी के तहत निगम में कर्मचारियों को नियुक्त किया है। नायब सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय आउटसोर्सिंग पॉलिसी पार्ट-1 और पार्ट-2 के तहत लगे कच्चे कर्मचारियों का शोषण होता था। ठेकेदार कर्मचारी को न तो ईपीएफ का लाभ देता था और न ही ईएसआई का लाभ देता था। इतना ही नहीं, लेबर फंड के तहत भी योजनाओं का लाभ कर्मचारी को नहीं मिलता था। ठेकेदार अपनी मन मर्जी से कर्मचारी को नौकरी से भी हटा देता था। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को शोषण से बचाने के लिए राज्य सरकार ने एक सिस्टम बनाया, जिसके तहत हरियाणा कौशल रोजगार निगम का गठन किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय किसी कर्मचारी के साथ दुर्घटना हो जाती थी तो उसको कोई लाभ नहीं मिलता था, वो ठेकेदार के चक्कर काटता रहता था। हमने निगम बनाया और किसी भी दुर्घटना की स्थिति में सहायता करने के लिए सरकार मजबूती से कर्मचारी के साथ खड़ी है।

पिंजौर पहुंचने पर सीएम का भव्य स्वागत

पिंजौर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी का पिंजौर आगमन पर स्थानीय भाजपा नेता बलवान सिंह ठाकुर ने पुष्प गुच्छ भेंट करके स्वागत किया और शॉल पहनाई। इस मौके पर बलवान ठाकुर ने कहा कि वो मुख्यमंत्री से पहले भी मिलकर क्षेत्र के कुछ मुद्दों पर बात कर चुके हैं। कहा कि पिंजौर-कालका में लड़कियों के लिए अलग स्कूल खोलने के बारेए क्षेत्र में युवाओं में खेलो के प्रति जागरूकता बढ़ाकर गांवो में खेल मैदान बनाने और कालका हल्का के स्थानीय युवाओं को ही क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध करवाने का ज्ञापन मांग पत्र सौंपेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App